टिम्बर व्यापारी पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी अब तक फरार, व्यापारियों ने एएसपी से लगाई गिरफ्तारी की गुहार

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश टिम्बर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनीश त्रिवेदी एवं उत्तर प्रदेश लकड़ी व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवाशीष देव के नेतृत्व में टिम्बर व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने काकोरी में टिम्बर व्यापारी जितेंद्र सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटी गई पिस्टल व मोबाइल की बरामदगी तथा पीड़ित व्यापारी की सुरक्षा की मांग की।
मोहनीश त्रिवेदी ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को काकोरी क्षेत्र में कुछ लोगों ने टिम्बर व्यापारी जितेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने उनकी पिस्टल छीनकर उन्हीं पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। घटना के संबंध में काकोरी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि घटना के तीन सप्ताह बाद भी लूटी गई पिस्टल और मोबाइल बरामद नहीं हो सके हैं।
उत्तर प्रदेश लकड़ी व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवाशीष देव ने कहा कि घटना को लेकर टिम्बर व्यापारियों में भारी रोष है। इसी को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम से मुलाकात कर जितेंद्र सिंह की सुरक्षा, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लूटी गई पिस्टल व मोबाइल की बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों की मांग पर अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह ने काकोरी थाना प्रभारी सतीश राठौर को मामले में कठोर कार्रवाई करने तथा फरार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश टिम्बर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव अख्तर खान ने कहा कि टिम्बर व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले से पूरे व्यापारिक समाज में आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो टिम्बर व्यापारी धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान जितेंद्र सिंह, एजाज खान अच्छू, ब्रह्मानंद, मनोज सिंह समेत दर्जनों टिम्बर व्यापारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में मोहनीश त्रिवेदी, देवाशीष देव सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *