मां के संघर्ष को बनाया ताकत, गोरखपुर विश्वविद्यालय में बीए में टॉप कर मानसी भट्ट ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव।

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।पंडित जवाहरलाल इंटर कॉलेज जैतपुर की पूर्व छात्रा मानसी भट्ट ने गोरखपुर विश्वविद्यालय में बीए की परीक्षा में टॉप कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीक्षांत समारोह में मानसी को पांच स्वर्ण पदक प्राप्त हुए, जो उनके परिवार के साथ-साथ विद्यालय के लिए भी गौरव का क्षण रहा।
मानसी की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ उनकी मां बीना भट्ट के संघर्ष और त्याग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मानसी जब महज छह वर्ष की थीं, तभी उनके पिता सीताराम भट्ट का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद बीना भट्ट ने बेटी की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी।
मानसी ने भी परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने कठिनाइयों को अपनी ताकत बनाया और निरंतर परिश्रम करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वह बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं और मेहनत को अपनी सफलता का आधार बनाया।
मानसी ने पंडित जवाहरलाल इंटर कॉलेज जैतपुर में कक्षा छह से दसवीं तक शिक्षा ग्रहण की। विद्यालय में अध्ययन के दौरान भी वह पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन करती रहीं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
दीक्षांत समारोह में पांच स्वर्ण पदक मिलने के बाद मानसी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां के त्याग, मार्गदर्शन और विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि मां के संघर्ष ने उन्हें हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मानसी का सपना सरकारी नौकरी हासिल कर अपनी मां के वर्षों के संघर्ष और त्याग को सार्थक करना है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा बन सकती हैं।
मानसी की सफलता पर पंडित जवाहरलाल इंटर कॉलेज की प्रबंधक बिंदु सिंह, प्रधानाचार्य गोपाल नारायण शुक्ल, उप प्रधानाचार्य सूरज प्रताप सिंह, निशिकांत पांडे,अंजनी पाण्डेय ,कृष्णमोहन उपाध्याय ,वीरेंद्र सिंह , शिवशंकर यादव , सतेंद्र भूषण , अमर प्रताप सिंह, अनिल कुमार , वीरेंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *