शीशटोला लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, लूट के आभूषण बरामद.पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूटकांड का सोनभद्र पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना बभनी पुलिस, एसओजी, म्योरपुर और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान ₹25 हजार के इनामी बदमाश पंकज साह को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूट का बैग, भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उन्हें रोककर सोने-चांदी के आभूषण और करीब ₹40 हजार नकदी से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद थाना बभनी में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। एसपी ने बताया कि सोमवार तड़के अरझट पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे, लेकिन बारिश के कारण उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंकज साह घायल होकर गिरफ्तार हो गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत फरार हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया लूट का बैग बरामद किया गया, जिसकी पहचान पीड़ित व्यापारी ने की। बैग से 7 हसुली, 38 जोड़ी पायल, 7 जोड़ी पाजेब, 3 जोड़ी पहुंची, एक जोड़ी बेरवा, 25 फॉक्स चेन सहित भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद हुए। साथ ही एक 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज साह के खिलाफ सोनभद्र और मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।








