वर्ष 2025-26 के लिए राज्य स्तरीय विवेकानन्द युवा पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित

06 अगस्त 2026 तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं आवेदन

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, सोनभद्र ने अवगत कराया है कि वर्ष 2025-26 के लिए राज्य स्तरीय विवेकानन्द युवा पुरस्कार (व्यक्तिगत श्रेणी) हेतु पात्र युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जनपद से पात्र युवाओं के प्रस्ताव शासन को भेजे जाने हैं। इच्छुक एवं पात्र युवा निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत खेलकूद, सामाजिक सेवा, वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय संचालन, जैविक खेती, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति, साहित्य, मानवाधिकार, पर्यटन, पारम्परिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल एवं शैक्षिक उत्कृष्टता सहित विभिन्न क्षेत्रों में विगत तीन वर्षों (01 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 तक) के उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। पुरस्कार हेतु आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का उत्तर प्रदेश का नागरिक होना आवश्यक है तथा उसकी आयु 01 जनवरी के अनुसार 15 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक द्वारा विगत तीन वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किया गया हो। यह पुरस्कार जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। केंद्र/राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, विश्वविद्यालयों तथा विद्यालय/महाविद्यालयों में कार्यरत सरकारी सेवक इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक अभिलेखों की मूल एवं तीन प्रतियाँ 06 अगस्त, 2026 तक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, सोनभद्र (कक्ष संख्या-68) में जमा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *