संचारी रोग नियंत्रण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, गांव-गांव चली सफाई और जागरूकता मुहिम.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद में गुरुवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता और जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इस अभियान का उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाना था। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायतों और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। खराब हैंडपंपों का निरीक्षण कर उनकी मरम्मत कराई गई। आज के अभियान में 52 ग्रामों में नालियों की सफाई हुई, 97 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई की गई और 16 हैंडपंपों की मरम्मत की गई। इसके अतिरिक्त, 144 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।सफाईकर्मियों, ग्राम पंचायत सहायकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। जनपद के विद्यालयों में भी बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। अभियान के तहत 26 पशुपालकों को जागरूक किया गया और कृषक संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत 21 बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के बारे में बताया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और जलभराव न होने दें। उन्होंने संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *