गरीब सब्जी विक्रेताओं को मिली राहत, ओबरा परियोजना प्रशासन ने दी अस्थायी बाजार की अनुमति
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -ओबरा। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील सोच के अनुरूप ओबरा परियोजना प्रशासन ने गरीब सब्जी विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नियमों एवं निर्धारित शर्तों के अधीन अस्थायी रूप से सब्जी बाजार लगाने की अनुमति प्रदान की है।जानकारी के अनुसार सेवा संकल्प टीम के राकेश केशरी एवं उद्योग व्यापार संगठन अध्यक्ष गौरव जैन ने गरीब सब्जी विक्रेताओं की रोज़ी-रोटी से जुड़े मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यातायात, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का संतुलन बनाए रखते हुए निर्धारित स्थान पर अस्थायी बाजार संचालित करने की सहमति दी।बाजार स्थल की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत से विशेष अनुरोध किया गया। इस पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाई कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा, जिसने पूरे क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई कर बाजार स्थल को व्यवस्थित किया। प्रशासन की इस त्वरित एवं सकारात्मक पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।इस निर्णय से उन सैकड़ों गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिनकी आजीविका सब्जी बिक्री पर निर्भर है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों के अनुरूप प्रशासन ने गरीबों की रोज़ी-रोटी और शहर की सुचारु व्यवस्था—दोनों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक संवेदनशील एवं सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार, ओबरा परियोजना प्रशासन तथा नगर पंचायत के इस समन्वित प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे जनहित, मानवता और सुशासन की दिशा में उठाया गया एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कदम बताया।









