हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक किए जा सकेंगे आवेदन

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से मांगे आवेदन

हज सुविधा मोबाइल एप एवं आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से होगा ऑनलाइन पंजीकरण

आवेदन से पूर्व दिशा-निर्देशों का अध्ययन एवं आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी सुनिश्चित करने की अपील
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने अवगत कराया है कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए पात्र एवं इच्छुक भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हज यात्रा पर जाने के इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा मोबाइल एप्लिकेशन हज सुविधा के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया दिनांक 22 जून, 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है, जो 20 जुलाई, 2026 की रात्रि 11ः59 बजे तक संचालित रहेगी। निर्धारित समय सीमा के पश्चात किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया सम्पन्न की जाएगी। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त, 2026 तक ₹1,52,300 की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। निर्धारित समय-सीमाओं में किसी प्रकार का विस्तार अथवा छूट प्रदान नहीं की जाएगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पूर्व जारी दिशा-निर्देशों, घोषणा पत्रों एवं प्रतिज्ञापत्रों का भली-भांति अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। आवेदन के साथ मशीन-पठनीय भारतीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण की स्कैन की गई प्रतियां निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि हज सीट का निरस्तीकरण हतोत्साहित किया जाता है, क्योंकि इससे व्यवस्थागत एवं परिचालन संबंधी कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। इसलिए इच्छुक हज यात्रियों को अपनी तैयारी एवं यात्रा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के उपरांत ही आवेदन करने की सलाह दी गई है। हज सीट निरस्त किए जाने की स्थिति में हज-2027 दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित दंडात्मक प्रावधान लागू होंगे।
जनपद के इच्छुक नागरिकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *