कोटा के मिटीहिनिया में आवास, बिजली और पेयजल की मांग को लेकर ग्रामीण महिलाओं का प्रदर्शन
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -डाला/सोनभद्र। विकासखंड चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटा के टोला मिटीहिनिया में मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने आवास, बिजली एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मिटीहिनिया में विद्युत पोल लगाए जाने के बावजूद लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक तार खींचकर विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। इसके कारण ग्रामीणों को आज भी अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है और उन्हें विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की हर घर जल योजना के तहत गांव में अब तक अधिकांश घरों में नल कनेक्शन एवं टोटियां नहीं लगाई गई हैं। इसके चलते ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के दौरान भी ग्राम पंचायत की ओर से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी का टैंकर नहीं भेजा गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि गांव के कई पात्र परिवार आज भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। प्रशासन को ऐसे परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें शीघ्र आवास उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि उन्हें भी सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सके। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि मिटीहिनिया में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जाए, हर घर जल योजना के अधूरे कार्यों को पूरा कर नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा सभी पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया जाए।
दीपू विजय शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी से मिलकर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। प्रदर्शन में कुसुम, रीता देवी, पार्वती, संतरा, चंपा, कंचन, प्रियंका, लीलावती, मुन्नी, लोली, शुभवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मिटीहिनिया की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की।









