मामी की हत्या कर जेवरात लूटने वाली भांजी गिरफ्तार

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
गोरखपुर। थाना कैम्पियरगंज पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका की भांजी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्ता ने अपनी मामी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी और उनके जेवरात लूट लिए थे। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
21 जून 2026 को थाना कैम्पियरगंज क्षेत्र के जंगल बब्बन में सड़क से करीब 150-200 मीटर दूर एक 60 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतका की पहचान के प्रयास शुरू किए। शिनाख्त होने के बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैम्पियरगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियुक्ता राधिका पासवान पत्नी किशोरी उर्फ टिमकी पासवान को गिरफ्तार किया। राधिका पासवान महाराजगंज जनपद के थाना पनियरा क्षेत्र के रामपुर टोला रानी की रहने वाली है।
ज्ञानेंद्र सिंह एसपी नाथ ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्ता राधिका ने बताया कि मृतका उसकी मामी थी। मामी अक्सर उसे ताने मारती रहती थी, जिससे वह उनसे खुन्नस रखती थी। 20 जून 2026 को उसने अपनी मामी को फोन करके अपनी बेटी की शादी की बात करने के लिए कैम्पियरगंज जाने के बहाने अपने घर रामपुर बुलाया। रामपुर से कैम्पियरगंज जाते समय जंगल के पास राधिका ने शौच का बहाना बनाया और दोनों बस से उतर गए। जंगल में करीब 150-200 मीटर अंदर जाकर राधिका ने अपने साथ लाए चाकू से मामी पर हमला कर दिया। दोनों के बीच संघर्ष हुआ, लेकिन राधिका ने चाकू से मामी का गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद राधिका ने मामी के शरीर पर पहने हुए जेवरात लूट लिए और फरार हो गई।








