फासिल्स पार्क में होगा योग का महाआयोजन

जीवन रक्षा के साथ प्रकृति रक्षा का दिया जाएगा संदेश

जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को दिया अंतिम रूप –
पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र। यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर (अस्थायी सूची) में शामिल जीवाश्म पार्क (फासिल्स पार्क) रविवार को विश्व योग दिवस के अवसर पर देश-दुनिया को अनूठा संदेश देगा। विश्व के सबसे प्राचीन जीवाश्म पार्क में इस अवसर पर स्वस्थ और निरोगी काया के लिए योगाभ्यास करने के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा। जिला प्रशासन में इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर जनपद में सबसे बड़ा आयोजन सलखन स्थित अति प्राचीन फासिल्स पार्क में किया जाएगा। बताया कि योग दिवस पर हजारों की संख्या में आमजन एक साथ योग कर रिकॉर्ड बनाते हुए योग के प्रति आमजन को जागरूक करेंगे। बताया कि इस अवसर जनप्रतिनिधिगण समेत तमाम विभागों के आलाधिकारी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यातायात विभाग द्वारा फासिल्स पार्क के पास वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। योग दिवस पर फासिल्स पार्क से प्रकृति की रक्षा का संदेश देने के लिए पौधरोपण की तैयारी वनविभाग द्वारा की गई है। पार्क को हरा-भरा बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पौधरोपण करने के साथ ही रोपे गए पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों व ब्लाकों में भी ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए योगाभ्यास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *