महिला पतंजलि योग समिति द्वारा 22 जून को विशेष महिला योग समारोह का आयोजन

गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में भी गोरखपुर जनपद की सभी पतंजलि योग समिति एवं संचालित योग कक्षाएँ संयुक्त रूप से 21 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन कर रही हैं ।

महिलाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने, योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला पतंजलि योग समिति, गोरखपुर द्वारा 22 जून 2026 को प्रातः 5:30 बजे से भाटी विहार, राजेन्द्र नगर बाबा राघव दास मिनी स्टेडियम, गोरखपुर में एक विशेष महिला योग समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं के लिए विशेष रूप से समर्पित है ।

महिला पतंजलि योग समिति, गोरखपुर द्वारा वर्तमान में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 60 से अधिक निःशुल्क योग कक्षाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। इन कक्षाओं के माध्यम से हजारों महिलाओं, युवतियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को योग, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

समिति, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्ग दर्शन में समय-समय पर 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन भी करती है। अब तक आयोजित दो प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 50 से अधिक महिलाओं को योग शिक्षिका के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में योग सेवा एवं जनजागरण का कार्य कर रही हैं।

समिति द्वारा नियमित रूप से रोगानुसार योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, आयुर्वेद परामर्श शिविर, जड़ी-बूटी जागरूकता कार्यक्रम तथा महिला स्वास्थ्य संबंधी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी समिति की कार्यकर्त्रियों ने आयुर्वेदिक औषधियों एवं स्वास्थ्यवर्धक सामग्री के वितरण के माध्यम से उल्लेखनीय सामाजिक सेवा प्रदान की।

इसके अतिरिक्त समिति प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च), जड़ी-बूटी दिवस (4 अगस्त), अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून), गुरु पूर्णिमा महोत्सव तथा विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनजागरण कार्यक्रमों का सफल आयोजन करती है।

समिति का संचालन एवं मार्गदर्शन राज्य कार्यकारिणी सदस्य ममता श्रीवास्तव एवं तारा श्रीवास्तव, जिला प्रभारी आराधना श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी वंदना शुक्ला, तहसील प्रभारी रानी श्रीवास्तव तथा समिति की अन्य बहनों द्वारा किया जा रहा है। समिति की सभी कार्यकर्त्रियाँ “स्वस्थ महिला – स्वस्थ परिवार – स्वस्थ राष्ट्र” के संकल्प के साथ समाज में योग, आयुर्वेद एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर समर्पित भाव से कार्यरत हैं।

,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *