जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, कई घायल

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर।गीडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जैतपुर टोला गौसपुर में जमीन के रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कुल 17 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जैतपुर टोला गौसपुर निवासी कुर्बान अली ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने ही गाँव के एक व्यक्ति को जमीन खरीदने के लिए 1,10,000 रुपए दिए थे। आरोप है कि पैसा लेने के बाद भी युवक न तो जमीन की रजिस्ट्री कर रहा था और न ही पैसे वापस कर रहा था। करीब एक साल से वह लगातार आज-कल कहकर बात को टाल रहा था। मंगलवार को जब आरोपी रास्ते से गुजर रहा था तब पीड़ित के भाई ने उससे अपने बकाए पैसे मांगे। इस बात पर आरोपी भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के दौरान ही आरोपी के 3 लड़के, भाई और उसके अन्य रिश्तेदार व साथी लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, सरिया, चाकू, फरसा और कुदाल जैसे घातक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पीड़ित के भाई पर जानलेवा हमला बोल दिया। भाई को पिटता देख जब परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस दौरान एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पीड़ित के भाई के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। गंभीर हालत में तीनों घायलों को पहले पिपरौली सीएचसी ले जाया गया जहाँ से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर सदर अस्पताल और फिर वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 109, 110, 117(2), 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *