मोहर्रम पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, नई परंपरा शुरू करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम

गोरखपुर। राजघाट थाने में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा ने की, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, इमामचौकों के मुतवल्लियों और ताजियादारों ने भाग लिया।थाना प्रभारी गौरव वर्मा ने कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने, हथियारों का प्रदर्शन करने तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी। जुलूस केवल निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाला जाएगा।उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मुतवल्ली अपने जुलूस के साथ कम से कम 10 स्वयंसेवक तैनात करेगा, जो यातायात व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का कार्य करेंगे। साथ ही जुलूस में किसी भी अराजक तत्व या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में किसी को भी जुलूस में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक टिप्पणी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश शर्मा, चौकी प्रभारी रोहित साहू, उमाशंकर चौरसिया, योगेंद्र पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *