जानलेवा हमला करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार ,शेष अभियुक्तों की तलाश जारी

पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम

गोरखपुर । गोला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में दूध का बकाया पैसा लेने जा रहे एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमलावरों किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही 9 लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। युवक के चेहरे, जबड़े और दांतों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। प्राप्त सूचना के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी रितेश यादव शनिवार रात दूध का बकाया पैसा लेने जा रहा था। पीड़ित के भाई सन्नी यादव द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रास्ते में गांव की गुड्डी देवी ने लाठी से हमला कर दिया। इसके बाद आर्यन यादव, आदित्य, धीरज यादव, शुभम यादव, प्रवेश यादव और कौशल यादव समेत अन्य लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रितेश यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। ग्रामीणों की भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार युवक का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है तथा उसके दांत भी टूट गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गोला पुलिस ने मामले में धीरज यादव और कौशल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *