मुकदमा वापस लेने का दबाव और धमकी देने का आरोप, डीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद निवासी एक परिवहन निगम कर्मचारी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने तथा परिवार सहित जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।

शिकायतकर्ता त्रियुगी नारायण दूबे ने आरोप लगाया है कि 27 मई 2026 को खलीलाबाद बाईपास ओवरब्रिज के नीचे हुई घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे के आरोपित पक्ष द्वारा उन पर लगातार समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि कुछ लोग उन्हें रास्ते में रोककर धमकी दे रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुकदमा वापस न लेने की स्थिति में उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें दुर्घटना, अपहरण और झूठे मुकदमों में फंसाने जैसी धमकियां दी जा रही हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार इन घटनाओं से उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने आशंका व्यक्त की है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है।

फिलहाल आरोपों के संबंध में दूसरे पक्ष का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक स्तर पर शिकायत की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *