साइबर ठगी के शिकार पीड़िता को मिली राहत, साइबर सेल ने वापस कराए 11 हजार रुपये

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो

संतकबीरनगर। जनपद में चलाए जा रहे “क्रैक साइबर क्राइम” अभियान के तहत साइबर सेल थाना कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने साइबर ठगी की शिकार एक महिला को राहत दिलाते हुए उसके खाते में 11 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है।

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साइबर सेल द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एक साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने सफल पैरवी कर पीड़िता के खाते में धनराशि वापस कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जूरी गांव निवासी चन्दा पत्नी हिरालाल को एक अज्ञात व्यक्ति ने लाभ का प्रलोभन देकर अपने झांसे में ले लिया और धोखाधड़ी कर उनके खाते से 81 हजार रुपये एक फर्जी खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने तत्काल थाना कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात कांस्टेबल रविकांत कुशवाहा द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत संख्या 23102240015222 दर्ज कराई गई। साइबर सेल की प्रभावी कार्रवाई और सतत पैरवी के परिणामस्वरूप ठगी गई धनराशि में से 11 हजार रुपये सफलतापूर्वक पीड़िता के खाते में वापस करा दिए गए।

साइबर सेल टीम में अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव (प्रभारी साइबर सेल), कांस्टेबल रविकांत कुशवाहा, महिला कांस्टेबल रीता देवी तथा महिला कांस्टेबल शिवांगी सिंह शामिल रहीं।

पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, लालच या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *