बेलन नदी में नहा रहे किशोर पर मगरमच्छ का हमला!, मौत से गांव में मातम.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवां गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। बेलन नदी में नहाने के दौरान एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी के भीतर खींच ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार दीवां गांव निवासी आदर्श कोल (12) पुत्र बेचन कोल शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित बेलन नदी में नहाने गया था। उसके साथ गांव का एक अन्य किशोर भी नदी में मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान अचानक नदी से एक मगरमच्छ निकला और आदर्श पर झपट्टा मारकर उसे अपने चंगुल में दबोच लिया। इसके बाद मगरमच्छ उसे पानी के अंदर खींच ले गया। साथ में नहा रहे किशोर ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण लाठी, डंडा और बांस लेकर नदी में उतर गए। लोगों को अपनी ओर आता देख मगरमच्छ वहां से भाग गया, लेकिन तब तक आदर्श गंभीर रूप से घायल हो चुका था। बताया जाता है कि मगरमच्छ किशोर को पानी के भीतर मिट्टी में दबाकर चला गया था। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर काफी खोजबीन की, जिसके बाद आदर्श नदी के बीचों-बीच मिला। तत्काल उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार भी वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि आदर्श अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। प्रारंभिक तौर पर डूबने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *