विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद न्यायालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण, प्लास्टिक प्रदूषण रोकने का दिया संदेश.पूर्वा टाइस्म – समाचार
सोनभद्र -विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनभद्र के तत्वावधान में वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की कार्ययोजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह ने न्यायालय परिसर में आम का पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश संदीप गुप्ता-द्वितीय, विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट गोविंद मोहन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीडी) राहुल, क्षेत्रीय वनाधिकारी अनामिका गौतम सहित न्यायालय के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। शुद्ध वायु, संतुलित जलवायु और स्वस्थ जीवन के लिए वृक्षों का संरक्षण एवं संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Solutions to Plastic Pollution” (प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान) है। इस थीम का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने, प्लास्टिक के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है, इसलिए इसके उपयोग को कम करना समय की मांग है। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई तथा आगामी वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ, हरित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।









