शाहपुर थाना क्षेत्र में ब्याही गई 30 वर्षीय युवती के साथ हुई धोखाधड़ी

दूल्हा मानसिक रूप से बीमार, चल रहा है इलाज
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली 30 साल की युवती के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर ली गई। युवती का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल गई तो 2 दिन पति दवा खाकर सोया रहा। मैंने पति के दवा के पर्चे की फोटो ली। इसके बाद पर्चा भेजकर उसके बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि मेरे पति मेंटल अनफिट हैं। उनकी दवा चलती है। मैंने ससुर से कहा कि मेरे साथ धोखा हुआ है, झूठ बोलकर आपलोगों ने मेरी शादी कराई है।इस पर ससुर ने कहा कि बेटा अनफिट है तो क्या हुआ, हम तो हैं ना,तुम्हारी जिंदगी संवर जाएगी, विरोध करने पर गालियां दी। इस बात की सूचना मायके में दी, इसके बाद रोते बिलखते अपने घर चली गई। ससुराल के लोगों ने मेरा सारी ज्वेलरी और शादी में मिला कैश भी हड़प लिया।अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।युवती ने सीएम पोर्टल, महिला आयोग दिल्ली और एसएसपी गोरखपुर को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी के निर्देश पर जांच कर शाहपुर थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस युवती के आरोपों की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार देवरिया जिले की युवती ने बताया 21 नवंबर 2025 को हिंदू रीति रिवाज से शाहपुर के युवक से मेरी शादी हुई थी।शादी का सारा कार्यक्रम शाहपुर क्षेत्र के ही एक मैरिज हाल से हुआ था। पिता ने दहेज में लाखों रुपये और सोने के जेवरात दिए थे। इससे पहले तिलक में दहेज का सारा सामान गाड़ी से ससुराल जा चुका था।युवती ने बताया कि शादी के अगले दिन ससुराल पहुंची, वहां जाकर मेरा होश ही उड़ गया। ससुराल में पता चला कि मेरे पति मानसिक रूप से बीमार हैं, पहले से दवा चलती है, दो दिन तक मेरे पति दवा खाकर सोते रहे। मैंने सास से पूछा तो उन्होंने कहा कि कुछ घबराहट वगैरह हो गया था, जिसकी दवा बेटे ने खाई है। एक दो दिन में ठीक हो जाएगा। दो दिन बाद पति के इलाज के नाम पर सास-ससुर ने 3 लाख रुपये की डिमांड की,तब मैंने पहले पति के पर्चे की फोटो ली।उस पर्चे को भेजकर डॉक्टर से जानकारी ली तब पता चला कि पति मेंटल अनफिट हैं। उनकी काफी समय से दवा चल रही है। मेरे होश उड़ गए कि मेरी एक मानसिक रोगी से शादी करा दी गई। मैंने ससुर से कहा कि आप लोगों ने मेरे साथ धोखा किया है। मुझे और मेरे परिवार के साथ फ्राड किया है। धोखा देकर मेंटल अनफिट से मेरी शादी कराई गई है।इस पर ससुर ने कहा कि अगर लड़का अनफिट हौ तो हम हैं न, तुम्हारी जिंदगी संवर जाएगी। यह सुनकर मैंने विरोध किया तो सास ससुर मुझे गालियां देने लगे। इसके बाद मायके में कॉल कर सारी बात बताई। 18 जनवरी 2026 को मायके से परिवार के लोग आए। उनके सामने जब बात शुरू हुई तो ससुराल वाले जान से मारने की धमकी देने लगे।घरवालों ने बोला कि लड़की का सारा सामान लौटा दो। इस पर सास-ससुर ने कहा कि कुछ भी नहीं देंगे जो करना है कर लो। यह कहते हुए युवती को भी घर से बाहर भगा दिया। रोते बिलखते नई नवेली दुल्हन फिर अपने घर वापस आई। इस घटना के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग कहीं निकल नहीं पा रहे हैं। लड़की के पिता का कहना है कि इतने दिन से बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था, एक झटके में सब लूट ले गए। इतना बड़ा धोखा होगा कभी नहीं सोचा था।इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








