ब्लास्टिंग से उड़ते पत्थरों ने बढ़ाई चिंता, खदान बंद कराने को लेकर जिलाधिकारी दरबार पहुंचे ग्रामीण.
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी स्थित खैरटिया ग्राम की गोंडवाना बस्ती में संचालित खदानों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि क्षेत्र में मानकों के विपरीत अवैध खनन और अनियंत्रित ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे लोगों के घरों को नुकसान पहुंच रहा है और जान-माल का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि खदानों में भारी मशीनों के साथ लगातार विस्फोटक का प्रयोग किया जा रहा है। ब्लास्टिंग के कारण मकानों की दीवारों में दरारें पड़ रही हैं तथा बड़े-बड़े पत्थर उड़कर घरों की छतों और आंगनों में गिर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गोंडवाना बस्ती निवासी पार्वती विश्वकर्मा ने बताया कि ब्लास्टिंग के दौरान एक बड़ा पत्थर उनके घर के पास आकर गिरा। उस समय उनकी मां खाना बना रही थीं। यदि पत्थर किसी व्यक्ति पर गिर जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने बस्ती के समीप संचालित खदान को तत्काल बंद करने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान संचालक पर्यावरणीय नियमों और शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं। जब स्थानीय लोग विरोध करते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है और खदान क्षेत्र के पास न आने की चेतावनी दी जाती है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि उन्हें यह तक जानकारी नहीं है कि संबंधित खदान किसके नाम पर संचालित हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर खदानों का संचालन तत्काल बंद कराने, पर्यावरणीय क्षति का आकलन कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिकायतकर्ता ने बताया कि जिलाधिकारी से उनकी बात हुई है, जिन्होंने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देते हुए खनन अधिकारी को तत्काल तलब किया है।









