गीडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 552 बोतल अवैध शराब, नेपाली मुद्रा और कार सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अर्टिका कार से 552 बोतल अवैध शराब, 35,545 रुपये नेपाली मुद्रा तथा दो मोबाइल फोन बरामद करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सरफराज अहमद एवं पुलिस टीम बाघागाड़ा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लखनऊ की ओर से गोरखपुर आ रही एक अर्टिका कार (संख्या यूपी-53 एलटी-9061) में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाघागाड़ा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 552 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। साथ ही आरोपितों के कब्जे से कुल 35,545 रुपये नेपाली मुद्रा और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विनय कुमार (22 वर्ष) पुत्र रामगोपाल निवासी ग्राम धमेड़ी एक, थाना रामनगर, जनपद बाराबंकी, मोहन प्रसाद ग्रुम (47 वर्ष) पुत्र पदुम बहादुर ग्रुम निवासी पोखरा, जिला कास्की, गण्डकी प्रदेश, नेपाल तथा नारायण सिंह ग्रुम (48 वर्ष) पुत्र करण सिंह ग्रुम निवासी पोखरा, जिला कास्की, गण्डकी प्रदेश, नेपाल के रूप में हुई है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना गीडा में मुकदमा संख्या 241/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








