रामगढ़ताल की तर्ज पर विकसित हुआ चिलुआताल, उत्तरी क्षेत्र को मिला नया पर्यटन केंद्र

पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। शहर के उत्तरी क्षेत्र में स्थित चिलुआताल को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 20.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चिलुआताल को रामगढ़ताल नौकाविहार की तर्ज पर विकसित किया गया है, जिससे अब उत्तरी क्षेत्र के नागरिकों और पर्यटकों को भी आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही प्राप्त हो सकेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व भजन संध्या भवन का निरीक्षण किया गया तथा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। लगभग 400 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैला चिलुआताल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के लिए पहले से ही प्रसिद्ध रहा है। यहां प्रतिवर्ष साइबेरियन पक्षियों का आगमन होता है, जो प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनता है।
परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को एक विकसित एवं आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। चिलुआताल का यह विकास गोरखपुर के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान स्थापित करने के साथ-साथ शहर के उत्तरी क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *