प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस सहित कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक थाना एम्स पर दर्ज मु0अ0सं0 115/2026 धारा 103(1) भान्यासं से संबंधित अभियुक्त राजधारी यादव निवासी पश्चिम चम्पारण, बिहार को गिरफ्तार किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1) भान्यासं तथा 3/25 व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 की रात आरोपी ने एक महिला की हत्या कर शव को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गोरखपुर में राजमिस्त्री का काम करने के दौरान उसकी पहचान महाराजगंज की रहने वाली महिला से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपी महिला को बिहार घुमाने ले गया और लौटने के बाद सुनसान स्थान पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, मंगलसूत्र सहित अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तारी टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय एवं निरीक्षक नीरज राय ने किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।








