वरासत में लापरवाही बरतने पर उपजिलाधिकारी ने लेखपाल को किया निलंबित
पूर्वा टाइम्स सत्य प्रकाश यादव

खजनी गोरखपुर। वरासत में लापरवाही बरतने पर उप जिलाधिकारी राजेश प्रताप सिंह ने लेखपाल हर्षित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी ने डीएम के आदेश पर किया।
बताते चलें कि जिला मुख्यालय पर 8 अप्रैल को हुई समीक्षा बैठक में लेखपाल हर्षित सिंह की उदासीनता पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उप जिलाधिकारी ख़जनी ने निलंबन आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया कि शासकीय कार्यों के प्रति यह ढिलाई अस्वीकार्य है और प्रशासनिक अनुशासन को कमजोर करती है। उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह कदम सभी राजस्व कर्मियों के लिए चेतावनी है कि शासन के आदेशों का पालन न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निलंबन के दौरान लेखपाल को राजस्व निरीक्षक कार्यालय, खजनी में संबद्ध किया गया है। उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता और महंगाई भत्ता मिलेगा, बशर्ते वे प्रमाण दें कि वे किसी अन्य नौकरी या व्यापार में संलग्न नहीं हैं। साथ ही, राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिया गया है कि वे श्री सिंह को व्यक्तिगत रूप से आदेश की प्रति सौंपें और उनका कार्यभार तत्काल प्रभाव से अन्य लेखपाल को हस्तांतरित करें, ताकि शासकीय कार्यों में कोई रुकावट न आए। प्रशासन ने इस कार्रवाई को एक सख्त संदेश के रूप में पेश किया है।