मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत पात्र युवा मतदाताओं के नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित लक्ष्य पूरा करें अधिकारी : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने की समीक्षा, 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश

18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान के अंतर्गत नए युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत नए युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने आगामी 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने एवं नाम तथा विवरण में संशोधन सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य कार्यवाहियां प्रभावी ढंग से संपन्न हों।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए, जिससे कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *