आरसेटी सोनभद्र में दिव्यांगजनों हेतु 10 दिवसीय निःशुल्क उद्यमिता विकास प्रशिक्षण सम्पन्न
प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -निदेशक, आरसेटी, राबर्ट्सगंज-सोनभद्र द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जनपद के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक द्वारा संचालित आरसेटी में दिव्यांगजनों हेतु आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क ई०डी०पी० (उद्यमिता विकास कार्यक्रम) प्रशिक्षण दिनांक 04 नवम्बर 2026 को सम्पन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान दिव्यांग प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग संबंधी जानकारी, विपणन (मार्केटिंग) के विभिन्न पहलुओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर निदेशक विशाल खन्ना द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य आशुतोष कुमार दुबे, अंजनी सिंह, कार्यालय सहायक श्रीकांत मिश्रा एवं अंकुर सहित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

