डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र की अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो
सोनभद्र 4 नवम्बर 2026 डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दिन में 2 बजे अधिवक्ता भवन, तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। वह समाज के शोषित, पीड़ित और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करता है। लेकिन आज अधिवक्ताओं पर हमले, धमकी और उत्पीड़न की घटनाएं चिंता का विषय हैं। ऐसी परिस्थितियों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को निर्भीक होकर अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने के लिए एक प्रभावी एवं व्यापक अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम (Advocates Protection Act) बनाया जाना समय की मांग है।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता केवल अपने मुवक्किल का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि संविधान, न्याय और विधि के शासन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो न्यायिक व्यवस्था को भी प्रभावित होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार को गंभीरता से पहल करनी चाहिए और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। अधिवक्ताओं के विरुद्ध होने वाली हिंसक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और दोषियों को दंडित करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता मृगराज सिंह एडवोकेट ने किया !
बैठक में सुरेश सिंह कुशवाहा, रमेश चंद्र सिंह, बीपी सिंह, चंद्र प्रकाश सिंह, विजय शंकर सिंह, दशरथ यादव, संतोष पांडेय, मनीष कुमार पटेल, शाहनवाज आलम खान, टीटू गुप्ता, आदर्श देव पांडेय आदि अधिवक्ता गण उपस्थित रहे !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *