सोनभद्र की 684 अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को मिलेगी यूनिफार्म एवं साइकिल की सुविधा

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ पात्र छात्राओं का चयन करने के दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को यूनिफार्म एवं साइकिल योजना से लाभान्वित किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय चयन समिति एवं क्रय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने योजना के प्रावधानों, पात्रता मानकों एवं प्राप्त आवेदनों की स्थिति के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासनादेश के अनुसार योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र छात्रा को कुल रूपया 4,000 की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें यूनिफार्म हेतु रूपया 700 प्रति छात्रा की धनराशि छात्रा अथवा अभिभावक के बैंक खाते में भेजी जाएगी तथा साइकिल हेतु रूपया 3,300 प्रति छात्रा की दर से जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित कर साइकिल क्रय की जाएगी। उन्होंने अवगत कराया कि योजना के तहत कक्षा-6 की 60 प्रतिशत तथा कक्षा-9 एवं कक्षा-11 की 20-20 प्रतिशत छात्राओं का चयन किया जाना निर्धारित है। पात्रता के लिए गत वर्ष की कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत छात्राओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। साथ ही, अनावासीय छात्राओं को प्रत्येक पांच वर्ष के अंतराल पर एक लेडीज साइकिल उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। जिलाधिकारी ने बताया कि छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेखों एवं बैंक खाते के विवरण का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों के स्तर से सत्यापन किए जाने के उपरांत कुल 1,635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कक्षा-6 से 410, कक्षा-9 से 764 तथा कक्षा-11 से 461 आवेदन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शासनादेश में निर्धारित चयन अनुपात के अनुसार कक्षा-6 की 410 छात्राओं के सापेक्ष कक्षा-9 की 137 एवं कक्षा-11 की 137 छात्राओं को सम्मिलित करते हुए कुल 684 पात्र छात्राओं का चयन प्रस्तावित है। चयनित सूची का जनपद स्तरीय चयन समिति से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक धनराशि के आवंटन हेतु मांग पत्र निदेशालय को प्रेषित किया जाएगा। निदेशालय से धनराशि प्राप्त होने के बाद जेम पोर्टल के माध्यम से साइकिल क्रय की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र छात्राओं के चयन में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरती जाए। सभी अभिलेखों एवं पात्रता संबंधी विवरणों का समुचित सत्यापन सुनिश्चित करते हुए शासनादेश के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजना से संबंधित समस्त कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *