मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को दिया दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार –

मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का किया शुभारंभ, मा0 मुख्यमंत्री जी के संबोधन का डी0पी0आर0सी0 सेन्टर में हुआ सजीव प्रसारण

पूर्वा टाइम्स – ब्यरो

सोनभद्र के 2,54,745 पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ
दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को दो निःशुल्क एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने का उपहार दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आज लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव सजीव प्रसारण डी0पी0आर0सी0 सेन्टर में देखा गया। जनपद सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार तथा जिलाधिकारी चर्चित गौड, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख चोपन लीला गोड़, ब्लॉक प्रमुख्य नगवा आलोक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, ए0आर0ओ0 श्री पृथ्वी राज सहित लाभार्थीगण ने प्रतिभाग किया और मा0 मुख्यमंत्री के सम्बोधन को सुना।
अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराना लाभार्थी परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि जनपद सोनभद्र में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,54,745 लाभार्थी परिवार पंजीकृत हैं। जनपद के सभी पात्र परिवारों को योजना के अंतर्गत दो गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसियों को योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं सुचारु तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस पहल के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार को दो गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रत्येक सिलेंडर रिफिल पर कुल 1,026 रुपये की सब्सिडी निर्धारित की गई है, जिसमें राज्य सरकार का अंश 659.33 रुपये तथा केंद्र सरकार का अंश 366.67 रुपये है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित रसोई ईंधन उपलब्ध कराना तथा पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं और प्रदूषण से राहत दिलाना है। योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जीवन स्तर में सुधार तथा स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश सरकार की इस पहल से दीपावली के अवसर पर लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा उनके घरों में स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *