सोनभद्र में यातायात माह का शुभारंभ, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई.
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जनपद में सोमवार को पुलिस विभाग की ओर से यातायात माह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान राज्य समाज कल्याण मंत्री संजीव गोंड और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। राज्य समाज कल्याण मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि यातायात नियमों की जानकारी रखना और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क पर चलते समय पैदल यात्रियों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तक सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। वहीं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करना चाहिए। नियमों का पालन करके अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखी जा सकती है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद से प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किए गए हैं। पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
रॉन्ग साइड और ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष कार्रवाई-:
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाती है। इस बार रॉन्ग साइड ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए गाड़ी देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनपद के करीब छह थाना क्षेत्र ऐसे हैं, जहां सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती हैं। इन क्षेत्रों में दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए क्रिटिकल कॉरिडोर टीम तैनात की गई है। टीमों को विशेष बाइक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बकाया चालान जमा नहीं करने वालों पर भी कार्रवाई-:
एसपी ने कहा कि जिन वाहन स्वामियों ने अभी तक चालान की धनराशि जमा नहीं की है, उनके खिलाफ भी यातायात माह में कार्रवाई की जाएगी। बकाया चालानों के भुगतान के लिए संबंधित वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इंटरसेप्टर से होगी तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद को इंटरसेप्टर मोबाइल उपलब्ध हुई है। इसके माध्यम से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

