दुकान में नकाब लगाकर चोरी करने वाला आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, ₹81,300 बरामद.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव में परचून की दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चोरी की शत-प्रतिशत धनराशि ₹81,300 बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात गोठानी गांव निवासी राजेश कुमार केसरी उर्फ गुड्डू की परचून की दुकान में चोरी हुई थी। चोर दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाकर गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया था। इस मामले में 10 अक्टूबर को थाना जुगैल में मुकदमा अपराध संख्या 130/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वादी के मकान में निर्माण कार्य कर रहा राजगीर मिस्त्री बेचू घटना से पहले दुकान पर आया था। पुलिस के अनुसार, उस समय उसने दुकानदार को गल्ले में नोटों की गड्डियां रखते हुए देखा था। आरोप है कि रात में दुकानदार के दुकान बंद कर चले जाने के बाद उसने मौका पाकर दीवार में नकब लगाई और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 11 अक्टूबर को सुबह 8:15 बजे गोठानी बिजुल नदी पुल से आरोपी बेचू हरिजन (35 वर्ष), पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम गोठानी, थाना जुगैल, सोनभद्र को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम ₹81,300 बरामद की गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विपिन बिहारी राय, हेड कांस्टेबल श्याम शेर यादव, कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।

