अगले वर्ष तक किसानों के खेतों तक पहुंचेगा कनहर बांध का पानी
मुख्य नहर और शाखा नहरों का निर्माण युद्धस्तर पर जारी, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना योगी सरकार की प्राथमिकता
परियोजना के लिए बजट की नहीं है कमी, 57.10 किमी लंबी मुख्य नहर में 50.400 किमी और 47.75 किमी लंबी शाखा नहरों में 18 किमी का काम पूरा
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -खेतों में फसल लहलहाए, किसान मौसम की अनिश्चितता से कम और पानी की उपलब्धता को लेकर ज्यादा आश्वस्त रहें ,इसी दिशा में योगी सरकार सोनभद्र की महत्वाकांक्षी कनहर सिंचाई परियोजना को तेजी से पूरा करने में जुटी है। परियोजना के पूरा होने के बाद बड़ी संख्या में किसानों को सिंचाई के लिए नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य की मौजूदा प्रगति को देखते हुए अगले वर्ष तक किसानों को कनहर बांध का पानी मिलने लगेगा। कनहर परियोजना के जरिए बांध के पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए मुख्य नहर और शाखा नहरों का निर्माण युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। परियोजना को समय से पूरा करने के लिए बजट की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है और अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य में धनराशि की कोई समस्या नहीं है।
बांध बनकर तैयार, अब खेतों तक पानी पहुंचाने पर जोर
कनहर निर्माण खंड 3 के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि बांध का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब नहरों के निर्माण और उनसे जुड़ी संरचनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। 57.10 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर में 50.400 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं 47.75 किलोमीटर लंबी शाखा नहरों में 18 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। शेष कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
बजट की पर्याप्त व्यवस्था, निर्माण में नहीं है धनराशि की समस्या
परियोजना को समय से पूरा करने के लिए योगी सरकार ने बजट की पर्याप्त व्यवस्था की है। परियोजना की अतिरिक्त लागत के लिए प्रदेश सरकार ने अक्टूबर 2024 में 3394.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की थी। वित्तीय वर्ष 2023-24 तक परियोजना पर 2296.54 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। शेष 1098.11 करोड़ रुपये की धनराशि का वित्त पोषण शासन द्वारा समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के निर्माण कार्य में धनराशि की कोई समस्या नहीं है। इससे परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित गति से आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
264 मीटर तक पहुंचा बांध का जलस्तर, 265.552 मीटर तक भंडारण का लक्ष्य
इस वर्षाकाल में बांध के तृतीय चरण के तहत 265.552 मीटर तक जल भंडारण का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 264 मीटर तक पहुंच चुका है। बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध है। इसके साथ ही नमामि गंगे-हर घर जल योजना के तहत पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। दायीं कनहर नहर पर 1775 मीटर लंबे मलिया एक्वाडक्ट में 1475 मीटर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष 300 मीटर का कार्य तेजी से जारी है।वहीं 2660 मीटर लंबी सुरंग की खुदाई पूरी हो गई है और 1320 मीटर लाइनिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। शेष लाइनिंग का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
108 गांवों के किसानों के लिए सिंचाई का दायरा बढ़ेगा
कनहर परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई का दायरा बढ़ेगा। दुद्धी और ओबरा के 108 गांवों के लाखों किसानों को खेती के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ उनकी आय में वृद्धि का मार्ग भी मजबूत होगा।योगी सरकार की मंशा है कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो और जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाया जाए। कनहर परियोजना इसी दिशा में सोनभद्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण आधार तैयार कर रही है।
