सेवा संकल्प अभियान: मेधावी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों का सम्मान, सीडीओ ने किया सीधा संवाद

मेधावी बच्चों को मिला प्रोत्साहन, अभिभावकों और शिक्षकों ने की सराहना

मन लगाकर पढ़ें, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें’—सीडीओ ने बच्चों को दिया सफलता का मंत्र

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र, 07 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने 20 मेधावी छात्रों, उनके अभिभावकों एवं संबंधित शिक्षकों/प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मेधावी छात्रों एवं उनके अभिभावकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों की कल्पना शक्ति, उनकी रुचियों तथा भविष्य में अपने गांव, जनपद और देश के विकास को लेकर उनकी सोच को जाना। साथ ही, बच्चों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य में अभिभावकों की भूमिका तथा उनके लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ लेते हुए निरंतर आगे बढ़ें। मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक श्रवण राय, उपायुक्त श्रम रोजगार वीबी-जी रामजी रविन्द्र वीर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, खण्ड शिक्षा अधिकारी राबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्या, खण्ड शिक्षा अधिकारी करमा बृजेश कुमार सिंह तथा बिरला कार्बन से निवेदिता मुखर्जी एवं अशोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
मेधावी छात्रों के सम्मान और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों से किए गए सीधे संवाद की अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से बच्चों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ेगा तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *