बच्ची की उपचार के दौरान मृत्यु के प्रकरण का जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान, जांच के निर्देश
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में प्रकाशित खबर का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संज्ञान लेते हुए प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, सोनभद्र द्वारा रावर्ट्सगंज स्थित नेशनल हॉस्पिटल में उपचार के दौरान लगभग 2.5 वर्षीय बच्ची शगुन की मृत्यु के प्रकरण की जांच हेतु तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुर्क थाना रावर्ट्सगंज निवासी शगुन की दिनांक 02 सितम्बर, 2026 को उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के समय मृत्यु हो गई थी। मृतका के परिजनों द्वारा चिकित्सालय पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
प्रकरण की निष्पक्ष जांच हेतु गठित समिति में डाॅ. प्रेमनाथ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र, डाॅ. कीर्ति आजाद बिन्द, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र तथा डाॅ. गुरू प्रसाद, प्रभारी चिकित्साधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रावर्ट्सगंज को शामिल किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जांच समिति को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण से संबंधित सभी तथ्यों एवं अभिलेखों की जांच करते हुए तीन दिवस के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के आरोपों की जांच के लिए गठित हुई तीन सदस्यीय समिति
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच समिति गठित कर तीन दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश।


