शराब की लत से तंग आकर 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर दी जान

भरपही गांव में नीम के पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवां गोरखपुर।सहजनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरपही में बीती रात की भोर में शराब की लत से परेशान एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बुधीराम पुत्र गरीब के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सुबह जब बेटे प्रभु, अभिमन्यु और मनीष उठे तो उन्होंने देखा कि उनके पिता घर के दक्षिण तरफ लगे नीम के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटके हुए हैं। आनन-फानन में गांव के पूर्व प्रधान को सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची सहजनवां पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधीराम को शराब पीने की लत थी। नशे में वह अक्सर घर आकर पत्नी हौसला और बच्चों से गाली-गलौज और मारपीट करता था। शराब के नशे में वह अनाप-शनाप भी बकता था। इसी कारण परिवार काफी परेशान रहता था।
मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें बड़े की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। इस संदर्भ में चौकी प्रभारी समदिया प्रीतेश तिवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बॉडी को कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *