एस.एन.फ्लैक्स फाउंडेशन द्वारा 4 और 5 जुलाई 2026 को दो दिवसीय “वन महोत्सव” उत्साह और भव्यता के साथ हुआ आयोजित

पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर। एस.एन. फ्लैग्स फाउंडेशन ने दिनांक 4 एवं 5 जुलाई 2026 को मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश में एक भव्य दो दिवसीय वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम “वन महोत्सव” के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा और आम जन में वृक्षों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अभियान में यूथ पीस फाउंडेशन के 100 से अधिक स्वयंसेवकों तथा मिर्जापुर के प्रतिष्ठित “नवोदय विद्यालय” के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर जुलाई माह में एक हजार से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस प्रेरणादायी आयोजन को प्रोत्साहित करने एवं उसमें सहभागिता के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट श्री अनेग सिंह, नायब तहसीलदार श्री राहुल मिश्रा, नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी तथा उप-प्रधानाचार्य श्री संजय सिंह मुख्य अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को वन संरक्षण के महत्व से अवगत कराया तथा एस. एन. फ्लैग फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जा रहे इस वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया।
वन महोत्सव भारत में हर वर्ष जुलाई के पहले सप्ताह में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त बनाना, वर्षा चक्र को संतुलित रखना और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं को रोकना है। पेड़-पौधे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि हमारे जल स्रोतों, जैव विविधता और जलवायु संतुलन को भी सुरक्षित रखते हैं।
इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एस.एन. फ्लैग्स फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष अपने परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन करता है। इस वर्ष भी फाउंडेशन ने एक हजार से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया है, ताकि परिसर को हरियाली से समृद्ध बनाया जा सके। साथ ही, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे उनका स्वस्थ एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
एस.एन. फ्लैग्स फाउंडेशन द्वारा सभी छात्रों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जिससे उनमें भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने की प्रेरणा मिले। इस आयोजन में सामूहिक प्रयास, टीम भावना और पर्यावरण के प्रति जागरुकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
पेड़ों एवं जैव विविधता के महत्व को जाना, पर्यावरणीय स्वच्छता, ऑक्सीजन, वर्षा एवं मिट्टी संरक्षण में वृक्षों की आवश्यकता को समझा तथा यूथ पीस फाउंडेशन के साथ मिलकर जिस प्रकार बच्चों ने टीम वर्क, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता दिखाई, वह काफी सराहनीय था। छात्रों ने बताया कि यह दिन उनके लिए “बहुत आनंददायक और सीख देने वाला” रहा।
एस.एन. फ्लैग्स फाउंडेशन पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक कल्याण और सतत विकास के मार्ग पर शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध संस्था है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए उन्होंने यूथ पीस फाउंडेशन एवं राज विद्या केंद्र का आभार व्यक्त किया।
“पेड़ लगाओ, धरती बचाओ।” के संदेश को आत्मसात करते हुए यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।








