समयबद्ध न्याय की दिशा में बड़ा कदम 1076 लंबित राजस्व वादों के निस्तारण हेतु विशेष अभियान 17 से 23 जून तक

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में एक सप्ताह का विशेष अभियान संचालित होगा

1076 पुराने मामलों के निस्तारण हेतु 17 से 23 जून तक चलेगा विशेष अभियान

प्रतिदिन होगी प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही-जिलाधिकारी

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में समय-सीमा से अधिक अवधि से लंबित राजस्व वादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में 17 जून से 23 जून 2026 तक एक सप्ताह का विशेष राजस्व निस्तारण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान कुल 1076 लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इनमें कुर्रा बंटवारा (धारा-116), नामांतरण (धारा-34), पैमाइश (धारा-24), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना तथा स्वामित्व/घरौनी योजना से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को अभियान अवधि में विशेष रुचि लेकर वादों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए हैं। अभियान की प्रगति की समीक्षा स्वयं जिलाधिकारी द्वारा प्रतिदिन की जाएगी, जिससे प्रत्येक प्रकरण पर सतत निगरानी बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के माध्यम से आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *