नाबदान बना रणक्षेत्र, देवरानी जेठानी में चले जमकर लात घुसे

मारपीट में एक का सिर फटा पुलिस ने दोनों पक्षों पर ठोका मुकदमा
पूर्वा टाइम्स-सत्य प्रकाश यादव
गोरखपुर। खजनी के ढढौना गांव में नाबदान का पानी बहाने को लेकर देवरानी-जेठानी और उनके परिवारों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक महिला का सिर फट गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उनवल पुलिस चौकी पर जानकारी देने के बाद पीड़िता संजू देवी पत्नी उमेश निषाद ने सोमवार, 15 जून को खजनी थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शाम को जब वह अपने बेटे के साथ खजनी बाजार से लौटीं, तो देखा कि उनके नाबदान का पानी रोका जा रहा था। जब संजू ने इसका विरोध किया, तो उनके जेठ वीरेंद्र निषाद और जेठानी सोना देवी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। संजू देवी के अनुसार इस मारपीट में उनका सिर तीन जगह फट गया। लहूलुहान हालत में गांव वालों ने उन्हें बचाया, और उनके बेटे ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। संजू देवी ने अपने पट्टीदारों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष की सोना देवी ने भी थाने में तहरीर दी है। उन्होंने अपनी तहरीर में संजू देवी और उनके भाई पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। खजनी थाने के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की है। संजू देवी की तहरीर पर केस बीएनएस की धारा के तहत वीरेंद्र निषाद और सोना देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरे पक्ष की सोना देवी की तहरीर पर केस संजू देवी और स्वतंत्र निषाद के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच और विधिक कार्रवाई की जिम्मेदारी उनवल पुलिस चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह को सौंपी गई है।








