फर्जी QR कोड बनाकर साईबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

गोरखपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए मर्चेंट QR कोड बनाकर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था। एसपी सिटी. निमिष पाटिल ने बताया कि अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके Google Pay, Mobikwik जैसी कंपनियों के मर्चेंट QR कोड तैयार किए थे। इन QR कोड्स और मर्चेंट साउंड बॉक्स का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड से कमाई गई अवैध धनराशि के लेनदेन और निकासी के लिए किया जाता था। वे आम जनता के ऑनलाइन GST बिलों का उपयोग करके फर्जी पैन कार्ड बनाते थे। इसके बाद, अपने साथियों से प्राप्त किराए के बैंक खातों और ईमेल आईडी का उपयोग करके मर्चेंट QR कोड और साउंड बॉक्स सक्रिय करते थे। पुलिस ने जब उनके मोबाइल की जांच की, तो उसमें बड़ी संख्या में लोगों के फर्जी पैन कार्ड, बैंक खाते की डिटेल और आधार कार्ड की फोटो मिलीं। पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड का लेनदेन हुआ है और इन खातों से जुड़ी कई शिकायतें अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *