सांसद रवि किशन ने किया “नील गगन पूर्वांचल – फेज 2” का पोस्टर विमोचन

गोरखपुर। सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन ने “नील गगन पूर्वांचल – ईको वॉरियर” अभियान के द्वितीय चरण (Phase-2) का आधिकारिक पोस्टर विमोचन किया। इस अवसर पर पूर्वांचल यूथ वेलफेयर एसोसिएशन (PYWA) के अध्यक्ष नारायण दत्त पाठक सहित अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पोस्टर विमोचन के दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, ईको ब्रिक निर्माण एवं आगामी ईको पार्क विकास की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।“नील गगन पूर्वांचल – ईको वॉरियर” फ्लाईअप फाउंडेशन एवं पूर्वांचल यूथ वेलफेयर एसोसिएशन (PYWA) द्वारा संचालित एक युवा-नेतृत्व आधारित पर्यावरणीय अभियान है। इस पहल की स्थापना अभय सिंह (निदेशक, फ्लाईअप फाउंडेशन) एवं नारायण दत्त पाठक (अध्यक्ष, PYWA) द्वारा की गई थी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, ईको ब्रिक निर्माण, वृक्षारोपण एवं सतत विकास की गतिविधियों से जोड़ना है।पिछले तीन वर्षों से संचालित इस अभियान के माध्यम से 1000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण, कार्यशालाओं,पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों,वृक्षारोपण अभियानों एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों से जोड़ा जा चुका है। अभियान पूर्वांचल के विभिन्न विद्यालयों,महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रहा है। पिछले वर्ष अभियान के अंतर्गत आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में 680 पौधों का रोपण किया गया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी।वर्ष 2026 में अब तक 250 से अधिक युवाओं को ईको ब्रिक निर्माण का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है तथा लगभग 1 क्विंटल प्लास्टिक अपशिष्ट का पुनः उपयोग कर टेबल,स्टूल,फ्लावर पॉट,डस्टबिन एवं अन्य उपयोगी ईको ब्रिक संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इन संरचनाओं को आगामी समय में विकसित किए जाने वाले ईको पार्क में स्थापित किया जाएगा।सांसद रवि किशन ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि,“पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। युवाओं द्वारा संचालित ‘नील गगन पूर्वांचल’ जैसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही हैं। प्लास्टिक अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में बदलने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। ऐसे अभियानों से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वच्छ भारत के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।”PYWA के अध्यक्ष नारायण दत्त पाठक ने कहा कि, “नील गगन पूर्वांचल केवल एक अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी पर आधारित पर्यावरणीय आंदोलन है। हमारा प्रयास है कि पूर्वांचल का प्रत्येक युवा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े और अपने स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करे। आगामी चरण में हम ईको पार्क विकास, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रशिक्षण एवं ईको ब्रिक मॉडल को अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।“नील गगन पूर्वांचल – ईको वॉरियर” के सह-संस्थापक अभय सिंह एवं नारायण दत्त पाठक ने संयुक्त रूप से इस अभियान की परिकल्पना की थी। अभय सिंह द्वारा वर्ष 2023 में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय ईको ब्रिक प्रशिक्षण से प्रेरित होकर इस पहल की शुरुआत की गई,जिसे नारायण दत्त पाठक के संगठनात्मक नेतृत्व एवं जनसंपर्क सहयोग से व्यापक स्वरूप मिला। आज यह अभियान पूर्वांचल में पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन का एक प्रमुख युवा आंदोलन बन चुका है।अभियान के द्वितीय चरण में ईको पार्क विकास, ईको ब्रिक आधारित संरचनाओं की स्थापना,क्षेत्रीय एवं देशज पौधों का रोपण,प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रशिक्षण, पर्यावरण जागरूकता अभियान तथा युवा स्वयंसेवक नेटवर्क के विस्तार पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। प्रस्तावित ईको पार्क में ईको ब्रिक से निर्मित संरचनाओं के साथ क्षेत्रीय पौधों को स्थापित कर एक व्यवहारिक पर्यावरण शिक्षा मॉडल विकसित किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज एवं सतत विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।








