स्कूटी चालक को बचाने के प्रयास में भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिरधी गेट के पास स्थित तिराहे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव (16 वर्ष) पुत्र पंचु यादव निवासी ग्राम पंचायत नरोखर तथा गुलजार (19 वर्ष) निवासी चकिया, जो अपने ननिहाल नरोखर में रहकर पढ़ाई करता था, बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बिरधी गेट तिराहे के पास सामने आए स्कूटी चालक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और भीषण दुर्घटना हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी चालक लव कुश पटेल पुत्र भोलई पटेल निवासी बिरधी अचानक सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक सवार संतुलन खो बैठे और हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय गुलजार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं अखिलेश यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है। दूसरी ओर स्कूटी चालक लव कुश पटेल को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *