नर सेवा नारायण सेवा संस्थान ने खिचड़ी के साथ राहगीरों को पिलाया शर्बत
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र। चोपन नगर के टैंपो स्टैंड पर विगत तीन वर्षों से संचालित नर सेवा नारायण सेवा संस्थान द्वारा मानव सेवा का सराहनीय कार्य निरंतर जारी है। संस्थान के तत्वावधान में समाज के सहयोग से प्रत्येक शनिवार को जरूरतमंदों एवं राहगीरों के लिए निःशुल्क खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके साथ ही समय-समय पर कंबल, गमछा सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का भी वितरण किया जाता रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को आयोजित 134 वें साप्ताहिक सेवा कार्यक्रम में ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी श्रवण पासवान ने अपने हाथों से जरूरतमंदों को खिचड़ी एवं शर्बत वितरित किया। उन्होंने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा द्वारा किया जा रहा यह पुनीत कार्य अत्यंत सराहनीय है, जिसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।
बताते चलें कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पिछले कई सप्ताह से संस्थान द्वारा खिचड़ी के साथ ठंडा शर्बत भी राहगीरों एवं जरूरतमंदों को वितरित किया जा रहा है, जिसमें समाज के लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच ठंडा शर्बत पाकर लोगों को काफी राहत मिली और उन्होंने संस्थान के इस प्रयास की सराहना की।
संस्थान के संयोजक मनोज चौबे ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देने के लिए शर्बत वितरण की व्यवस्था की गई है, ताकि राहगीरों को गर्मी से कुछ राहत मिल सके।
कार्यक्रम में संस्थान से जुड़े स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सेवा कार्य को सफल बनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने खिचड़ी एवं शर्बत ग्रहण किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने समाज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस मौके पर सौरभ अग्रवाल, रजनीकांत सिंह, सुनील तिवारी, मुकेश जायसवाल, आनंद अग्रवाल, सत्यप्रकाश तिवारी, जितेन्द्र सिंह प्लाहा, बंटीं सिंह, गणेश तिवारी, ओमप्रकाश, राजेश अग्रहरी,गोपाल मोदनवाल, पं पंकज पाठक,मोना दास, अजित कुमार,आदि मौजूद रहे।









