ओबरा अंबेडकर स्टेडियम मे वोर्टेक्स कप 2026 का भव्य उद्घाटन के साथ क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज़, रैपिड फायर ने हंसवाहिनी क्लब को 44 रनों से रौंदा
मुख्य अतिथियों अजय कुमार राय (जी.एम.सिविल सी.टी.पी.एस. ओबरा तापीय परियोजना) ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
पूर्वा टाइम्स – समाचार
ओबरा (सोनभद्र)। स्थानीय क्षेत्र में खेल प्रेमियों के बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता का बेहद रोमांचक और भव्य आगाज़ हो गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय कुमार राय (जी.एम., सी.टी.पी.एस. ओबरा तापीय परियोजना) तथा विशिष्ट अतिथियों द्वारा फीता काटकर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उद्घाटन मुकाबले में रैपिड फायर की टीम ने खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए हंसवाहिनी क्लब को 44 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले दीपक तिवारी को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि अजय कुमार राय के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में (आनन्द कुमार सहायक कमांडेंट, ओबरा),( राकेश कुमार निरीक्षक, सी.आई.एस.एफ.), (अमरदीप सिंह डायरेक्टर, किड्स केयर), (दलबीर समरा अध्यक्ष, जिला फुटबॉल संघ) एवं (रमेश सिंह यादव राष्ट्रीय खिलाड़ी) मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि यह युवाओं में टीम भावना और अनुशासन भी पैदा करता है। मैच की शुरुआत में हंसवाहिनी क्लब के कप्तान ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण (बॉलिंग) करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रैपिड फायर की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में सधी हुई और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। टीम ने विपक्षी गेंदबाजों की धुनाई करते हुए बोर्ड पर 79 रन टांगे और हंसवाहिनी क्लब के सामने जीत के लिए 80 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
80 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंसवाहिनी क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। रैपिड फायर के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे हंसवाहिनी के बल्लेबाज असहाय नजर आए और ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके। पूरी टीम 7.3 ओवरों में महज 35 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। इस तरह रैपिड फायर ने 44 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया। मैच में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से टीम को एकतरफा जीत दिलाने वाले खिलाड़ी दीपक तिवारी को दलवीर समरा एवं मोहित यादव द्वारा संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मैच के दौरान अंपायर की महत्वपूर्ण भूमिका रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह ने निभाई और खेल को खेल भावना के साथ निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया। उद्घाटन मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए स्थानीय खेल प्रेमी और आयोजन समिति के पदाधिकारी भारी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से आयोजन अध्यक्ष राजेश पंडित, आयोजन सचिव प्रदीप शर्मा, समिति पदाधिकारी सोनू राय, फैजल खान, शुभम जायसवाल, शुभम सिंह, मुजफ्फर खान, सिद्धार्थ गौतम, विमलेश दीक्षित, आबिद खान, आयुष माली, हिमांशु कुशवाहा, आकाश केसरी एवं आदित्य सिंह। मीडिया प्रभारी अजीत प्रताप सिंह मौजूद रहे।









