सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने जंगल कौड़िया में ग्राम चौपाल लगाकर सुनी जनसमस्याएं

ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने रखी अपनी बात
गोरखपुर। विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने और जनता की समस्याएं सुनने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने मंगलवार को जंगल कौड़िया ब्लॉक क्षेत्र के जंगल कौड़ियां ग्राम में ग्राम चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका निराकरण मौके पर ही करने के निर्देश सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्राम चौपाल में ब्लॉक प्रमुख जंगल कौड़िया बृजेश यादव, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, एपीओ मनरेगा रघुनाथ सिंह, वीडीओ सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीण जनता की समस्याओं का समाधान स्थल स्तर पर और समयबद्ध रूप से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत या आवेदन को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं — जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, वृद्धा और विधवा पेंशन योजनाओं — का लाभ पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के साथ दिया जाए।
ग्रामवासियों ने चौपाल के दौरान सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, आवास स्वीकृति, बिजली कनेक्शन, पेंशन, और मनरेगा भुगतान में देरी जैसी समस्याएं रखीं। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जनता की शिकायतों का समाधान हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है, किसी भी व्यक्ति को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।
सीडीओ ने चौपाल के दौरान ग्राम पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्यों की प्रगति, नाली निर्माण, आवास योजना की स्थिति और शौचालय निर्माण की जानकारी भी ली। उन्होंने एपीओ मनरेगा रघुनाथ सिंह से कहा कि कार्यों की निगरानी नियमित रूप से की जाए और गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ तभी संभव है जब अधिकारी और जनता मिलकर कार्य करें। उन्होंने ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि गांव में स्वच्छता, पेयजल और सड़क से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान करें।
ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव ने कहा कि ब्लॉक प्रशासन ग्रामीण जनता की हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चौपाल में उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम चौपाल में पहुंचे ग्रामीणों ने सीडीओ के प्रति आभार जताया और कहा कि अधिकारी के सीधे संवाद से उन्हें अपनी समस्याएं बताने का अवसर मिला।
बैठक में परियोजना निदेशक दीपक सिंह, एपीओ मनरेगा रघुनाथ सिंह, वीडीओ सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








