खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों पर चश्पा किया क्यू आर कोड पोस्ट

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु क्यूआर कोड के जरिए शुद्धता की करेंगे पहचान

दुकानदारों की पहचान व शुद्धता के लिए उपाय

पूर्वा टाइम्स समाचार

गोरखपुर। सावन के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को रास्ते में शुद्ध नाश्ता व पानी मिले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। शासन के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉक्टर सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के पास रेस्टोरेंट व होटलों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। पंजीकृत दुकानों पर क्यूआर कोड भी लगाए जा रहे हैं, जिससे गड़बड़ी की आशंका होने पर लोग मोबाइल से स्कैन कर दुकान के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। बार कोड लगाने की शुरुआत हो चुकी है

सावन के महीने में शहर के महादेव झारखंडी मंदिर, बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, बाबा मुंजेश्वरनाथ मंदिर भौवापार, मोटेश्वर नाथ मंदिर पिपराइच में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। जिले के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां जलाभिषेक को पहुंचते हैं। दर्शन-पूजन के बाद वापस लौटते श्रद्धालु रास्ते में खरीदारी भी करते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध सामान मिले, इसे ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रमुख शिव मंदिरों और वहां तक जाने वाले प्रमुख रास्तों के किनारे की दुकानों की जांच शुरू कराई है। इस दौरान कैंटीन, रेस्टोरेंट व खाने-पीने, पूजा का सामान बेचने वाले दुकानदारों का सत्यापन व पंजीकरण भी किया जा रहा है। पंजीकृत दुकानों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, जिससे लोग स्वयं ही कोड स्कैन कर दुकान के बारे में जानकारी ले सकें।

सहायक आयुक्त खाद्य डॉ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सावन का महीना शुरू हो गया है कावड़ यात्रा पर जाने वाली श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शासन के निर्देश पर सभी दुकान व रेस्टोरेंट पर क्यूआर कोड लगाया जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं को भोजन की शुद्धता की जानकारी हो सके और दुकानदार की पहचान भी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *