विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त/रोल ऑब्जर्वर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित रहेगा, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान, मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने पर दिया जोर

बीएलओ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के फोन कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई-मंण्डलायुक्त

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों के संबंध में मंडलायुक्त/रोल ऑब्जर्वर राजेश प्रकाश ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से राजीव त्रिपाठी पीसीसी ऑब्जर्वर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी; समाजवादी पार्टी से राम निहोर यादव जिलाध्यक्ष; भारतीय जनता पार्टी से सुनील सिंह पूर्व जिला मंत्री, अनिल सिंह जिला मंत्री, सीपीआईएम से नंदलाल आर्य जिला मंत्री; आम आदमी पार्टी से रमेश गौतम जिलाध्यक्ष तथा बहुजन समाज पार्टी से संतोष कुमार पटेल जिला प्रवक्ता, अंकित पाठक जिला कोषाध्यक्ष एवं शुभम त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंण्डलायुक्त/रोल ऑब्जर्वर ने निर्देशित किया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के फोन कॉल अनिवार्य रूप से रिसीव करें। यदि किसी बीएलओ द्वारा फोन कॉल रिसीव नहीं किया जाता है, तो जिलाधिकारी विधानसभावार टीम गठित कर ऐसे बीएलओ को चिन्हित कराएं तथा उन्हें फोन कॉल का जवाब देने एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के लिए निर्देशित करें।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में अपना सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि उनके सहयोग से गांवों में वास्तविक रूप से निवास करने वाले मतदाताओं का सही ढंग से चिन्हांकन किया जा सके। इससे निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में रोल ऑब्जर्वर ने निर्देशित किया है कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ई0आर0ओ0) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ए0ई0आर0ओ0) बिना जिलाधिकारी की अनुमति के जनपद मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से विद्यालयों एवं शिक्षकों का सहयोग लेकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने ई0आर0ओ0 एवं ए0ई0आर0ओ0 को निर्देशित किया कि मंण्डलायुक्त/रोल ऑब्जर्वर द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखा जाए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि०/रा० वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल सिंह, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *