नर सेवा नारायण सेवा के तीन वर्ष पूर्ण, भक्ति, सेवा और सम्मान के संग आयोजित हुआ भव्य आयोजन।

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र – चोपन नर सेवा नारायण सेवा के तत्वावधान में संचालित निःशुल्क खिचड़ी वितरण सेवा के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कैलाश मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण के बीच 151 हनुमान चालीसा का संगीतमय सामूहिक पाठ किया गया। इसके पश्चात अगले दिन नर सेवा नारायण सेवा कार्यालय के समीप विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमान जी के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 151 हनुमान चालीसा का पाठ कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहा।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा द्वारा पिछले तीन वर्षों से प्रत्येक शनिवार को जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय और पुनीत कार्य है। भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य है। ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने संस्था से जुड़े सभी लोगों को इस पुनीत कार्य के तीन वर्ष पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा मिश्रा ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा का यह तीन वर्षों का सफर समाज के प्रति समर्पण और सेवाभाव का उत्कृष्ट उदाहरण है। बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। इस प्रकार के आयोजन समाज के अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। पूर्व ग्राम प्रधान लवकुश भारती ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा द्वारा लगातार तीन वर्षों से प्रत्येक शनिवार को खिचड़ी वितरण करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इस कार्य में लगे सभी सेवाभावी लोगों का समर्पण प्रशंसनीय है। समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को निरंतर सहायता मिलती रहे।कार्यक्रम में विशेष रूप से उत्तम दिव्यांग सेवा संस्थान से आए दिव्यांगजनों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए समाज में समानता, सहयोग और सेवा भावना का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को सम्मानित करने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। उल्लेखनीय है कि नर सेवा नारायण सेवा द्वारा विगत तीन वर्षों से प्रत्येक शनिवार को जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों के लिए निःशुल्क खिचड़ी वितरण सेवा संचालित की जा रही है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना और समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा केवल एक संस्था या कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का संकल्प है। तीन वर्षों की यह सेवा यात्रा समाज के सहयोग और लोगों के विश्वास का परिणाम है। भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्र प्रचारिका शशि दीदी, माया पाण्डेय काशी प्रान्त कार्यवाहिका, प्रियंका दीदी शारिरिक प्रमुख, गीतांजलि चौबे विभाग कार्यवाहिका सोनभद्र,दयाशंकर सिंह,कमल किशोर सिंह रजनीकांत सिंह,डा सत्येन्द्र आर्य, डा बृजेश सिंह, एडवोकेट दिनेश पाण्डेय, धर्मेन्द्र जायसवाल,एडवोकेट संजीत चौबे,मोना दास,राजन जायसवाल, राजेश अग्रहरि, सुनील तिवारी,दिव्य विकास सिंह,विकास चौबे इत्यादि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *