सोन कल्चर क्लब के तत्वावधान में शपथ ग्रहण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन
गायन, कविता पाठ और लोकगीत प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, भारतीय संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प
पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद्र गुप्ता
ओबरा (सोनभद्र), 4 नवंबर 2026। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में संचालित सोन कल्चर क्लब के अंतर्गत बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने छात्र-छात्राओं को भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं तथा कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की शपथ दिलाकर किया।
इस अवसर पर गायन, कविता पाठ एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया। लोकगीतों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत जीवंत हुई, वहीं गायन और कविता पाठ ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन सोन कल्चर क्लब की संयोजक डॉ. विभा पांडे ने किया। आयोजन में कार्यकारिणी सदस्य में डॉ वैशाली शुक्ला ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. संघमित्रा एवं डॉ. अंजलि शामिल रहीं, जबकि डॉ. वैशाली शुक्ला ने सदस्य के रूप में अपनी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में डॉ. सुभाष राम, डॉ. संतोष सैनी, डॉ. विकास कुमार, डॉ. राजेश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना विकसित करना, भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया।

