औद्योगिक परियोजनाओं के लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह में निस्तारण करें संबंधित अधिकारी-जिलाधिकारी

ग्रीनको, जेएसडब्ल्यू, अवाडा, टोरेंट पावर एवं गैलेंट इस्पात परियोजनाओं की समस्याओं की हुई विस्तृत समीक्षा

राजस्व, वन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम गठित, गैलेंट इस्पात के लैंड शेड्यूल एवं डीजीपीएस सर्वे की रिपोर्ट एक सप्ताह में देने के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद की पी०एस०पी० कंपनियों एवं गैलेंट इस्पात परियोजना से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों, लंबित अनुमतियों तथा विभागीय स्तर पर लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि परियोजनाओं के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में ग्रीनको ग्रुप की सीलिंग अनुमति से संबंधित आख्या उपलब्ध कराने के लिए उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को निर्देशित किया गया। वहीं, जे०एस०डब्ल्यू० स्टेज-2 एवं एफ०आर०ए० से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रभागीय वनाधिकारी रॉबर्ट्सगंज/ओबरा तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी रॉबर्ट्सगंज ओबरा को निर्देशित किया कि अवाडा ग्रुप, जे०एस०डब्ल्यू० एवं झरिया प्रोजेक्ट के स्टेज-2 से संबंधित आवेदन परिवेश पोर्टल पर एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराए जाएं। टोरेंट पावर को बोरहोल अनुमति के लिए परिवेश पोर्टल पर आवेदन करने के निर्देश दिए गए। गैलेंट इस्पात ब्लॉक-बी/सी के लैंड शेड्यूल एवं डी०जी०पी०एस० सर्वे के लिए राजस्व, खनन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। जिलाधिकारी ने टीम को एक सप्ताह के भीतर सर्वे की कार्रवाई पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित एवं प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाये। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित अनुमतियों एवं अन्य विभागीय प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परियोजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि०/रा० वागीश कुमार शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी ओबरा, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, उप प्रभागीय वनाधिकारी रॉबर्ट्सगंज, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश सिंह सहित विभिन्न औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *