चतरा में महिला जागरूकता चौपाल, महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी

बाल विवाह, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक हुईं महिलाएं एवं किशोरियां
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी के आदेश एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार आज दिनांक 28 अक्टूबर, 2026 को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन (Hub for Empowerment of Women) टीम तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा विकास खण्ड चतरा में महिला जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं किशोरियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। विभागीय कर्मचारियों ने बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, लैंगिक समानता, बाल अधिकारों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, सखी निवास योजना, दत्तक ग्रहण इकाई तथा रानी लक्ष्मीबाई योजना के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर एवं महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला पावर लाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया। उपस्थित लोगों को प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की स्थिति में संबंधित विभाग एवं हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करें। चौपाल के दौरान साइबर सुरक्षा, नशे से बचाव तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा समाज में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समानता पर आधारित वातावरण के निर्माण में सहयोग करें। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नीतू यति, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सीमा द्विवेदी, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह, समूह की महिलाएं, बालिकाएं एवं संबंधित विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *